टीवी एक्ट्रेस हिना खान इन दिनों कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं। हिना खान ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया है जिसमें उन्होंने अपनी कैंसर की जर्नी के बारे में एक बार फिर फैंस को बताया है। हिना खान ने पोस्ट शेयर करते हुए लिखा- ‘पिछले 15-20 दिन मेरे लिए इस सफर में शारीरिक और मानसिक दोनों रूप से सबसे मुश्किल रहे हैं। निशान आए और मैंने बिना डरे उनका सामना करने के लिए अपना सब कुछ दिया। आखिरकार मैं कैसे उस दर्द और शारीरिक सीमाओं के आगे झुक सकती हूं जिनसे मुझे गुजरना पड़ा। मैंने इससे लड़ाई की और मैं अभी भी लड़ रही हूं।
हिना खान ने आगे अपने पोस्ट में लिखा- ‘सारे दर्द से बाहर निकलने के लिए, मुझे पॉजिटिविटी की साइकल को जारी रखने के लिए जानबूझकर मुस्कुराहट के साथ बैलेंस ढूंढना होगा, बस इसी उम्मीद में कि असली खुशी स्वाभाविक रूप से आएगी। और ऐसा हुआ भी। ये मेरा खुद के लिए और आप सभी के लिए मैसेज है .. जीवन सिर्फ कहने से नहीं चलता है, हमें हर दिन, बार-बार परिस्थितियों की परवाह किए बिना उस विकल्प को चुनने की आवश्यकता है। उम्मीद कि आपको अपने जीवन में आने वाली लड़ाइयों से लड़ने के लिए ऐसी ही ताकत मिले। आशा है कि हम सभी विजयी रहें! इसलिए मुस्कुराना न भूलें’











